Breaking News

पैरालम्पिक रजत पदक विजेता दीपा मालिक के भारत लौटने पर् हुआ भव्य स्वागत


नई दिल्ली। रियो पैरालिंपिक खेलों में परचम लहराकर वापस आई दीपा मलिक के भारत लौटने पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर फूलमाला और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उनके फैन्स और परिवारवालों के अलावा हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज भी मौजूद थे।
ज्ञात हो की पैरालिंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बनीं दीपा ने शॉटपुट स्पर्धा में रजत पदक जीता है। पत्रकारों से बातचीत के क्रम में रजत पदक विजेता दीपा ने  कहा कि ‘मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं अब महसूस कर रही हूं कि मेरे हाथों में जो पदक है वह मेरा है। यह हकीकत है और मैं बहुत खुश हूं।’
दीपा ने महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4.61 मीटर की थ्रो के साथ रजत पदक पर कब्जा किया था। पैरालम्पिक पदक  विजेता दीपा कमर के नीचे से लकवाग्रस्त हैं।ज्ञात हो की दीपा के दो बच्चे हैं। उन्हें वर्ष 1999 में रीढ की हड्डी में ट्यूमर हो गया था जिसके बाद वह कमर के नीचे से लकवाग्रस्त हो गयीं थीं।  दीपा जैवलिन थ्रो और तैराकी जैसे खेलों का भी हिस्सा रही हैं।